नागेश्वर महादेव कुड्ड में दो दिवसीय वार्षिक मेला धूमधाम से शुरू
लडभड़ोल तहसील क्षेत्र के प्राचीन और पावन धार्मिक स्थल नागेश्वर महादेव कुड्ड में मंगलवार को दो दिवसीय वार्षिक मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। आस्था, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के बीच आयोजित इस मेले का उद्घाटन केंद्रीय लोक निर्माण विभाग, दिल्ली से सेवानिवृत्त सहायक अभियंता सुरेश चौहान ने विधिवत पूजा-अर्चना और हवन यज्ञ में भाग लेकर किया। मुख्य अतिथि सुरेश चौहान ने मंदिर में शीश नवाया और मेले के सफल आयोजन हेतु ₹4200 की सहयोग राशि भेंट की। इसके अतिरिक्त, श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मंदिर की प्राचीन गुफा में सीढ़ियों के निर्माण का संपूर्ण खर्च स्वयं वहन करने की घोषणा की। मेला कमेटी के प्रधान संजीव शर्मा ने बताया कि यह मेला क्षेत्र की सदियों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मेला समिति ने लडभड़ोल क्षेत्र के सभी युवक मंडलों, महिला मंडलों, व्यापार मंडल और ग्रामवासियों को इस आयोजन में भाग लेने हेतु आमंत्रण भेजा है। संजीव शर्मा ने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने तथा इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए मेले में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।












