ऑपरेशन सिंदूर के वीरों को समर्पित चौंतड़ा में निकाली गई तिरंगा सम्मान रैली
चौंतड़ा में शुक्रवार को ऑपरेशन सिंदूर के अद्वितीय शौर्य और देश की सेना के गौरव को समर्पित तिरंगा सम्मान रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में हुआ, जिसमें वीर सैनिकों के सम्मान में स्थानीय लोगों सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया। रैली की अध्यक्षता अनपूर्णा आश्रम के संचालक महात्मा रामायणी ने की। इस मौके पर चंदन पंडित, अजय सकलानी, मंडल अध्यक्ष प्रवीण कुमार, कर्नल रूप चंद ठाकुर, कैप्टन धर्म सिंह, सूबेदार मेजर संजीव, सूबेदार मनोहर लाल, व्यापार संघ से जुड़े अविनाश धवन समेत अनेक पूर्व सैनिकों और महिलाओं ने भाग लिया। महामंत्री संजीव ने बताया कि तिरंगा यात्रा में स्थानीय जनता ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। रैली का जोश और उमंग देखते ही बन रहा था, जैसे पूरा देश आतंक के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा हो गया हो। कर्नल रूप चंद ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि आतंक को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हमारी सेना हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है। मुख्य वक्ता चंदन पंडित ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और सैनिकों के शौर्य को नमन करते हुए कहा कि जब भी देश की सेना को जरूरत पड़ेगी, हम नौजवान हर रूप में सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। समारोह के अंत में मंडल अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने सभी प्रतिभागियों और चौंतड़ा की जनता का धन्यवाद किया और इस आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों की सराहना की।












