संदिग्ध लड़कों के रक्त के नमूने लिए
उपमंडल पधर की ग्राम पंचायत पाली में रविवार तड़के चार संदिग्ध युवकों को नशे की हालत में देखे जाने की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंच कर जांच की। थाना प्रभारी सौरभ ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर युवकों की तलाशी ली। हालांकि युवकों के पास से कोई भी मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, रविवार प्रातः गांव की एक महिला ने पाली क्षेत्र के पास चार युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा और उन्हें नशा करने की आशंका हुई। महिला द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों युवकों से पूछताछ की और उनकी व्यक्तिगत तलाशी भी ली, परंतु मौके पर किसी भी प्रकार का नशे का सामान बरामद नहीं हुआ। हालांकि युवकों के व्यवहार को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेज दिया। चारों युवकों के रक्त के नमूने लिए गए हैं। जिन्हें सुरक्षित रूप से जांच के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी सौरभ ठाकुर ने बताया कि तलाशी के दौरान कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ है, लेकिन मेडिकल जांच से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। यदि रिपोर्ट में किसी प्रकार का नशा करने की पुष्टि होती है, तो कानून के अनुसार संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर क्षेत्र में बढ़ते नशे के खतरे की ओर संकेत करती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इस प्रकार की घटनाओं पर सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि युवाओं को नशे की लत से दूर रखा जा सके। पुलिस प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।












