चौतड़ा क्षेत्र में चोरों का कहर: एक ही रात में तीन घरों में सेंधमारी, 9 लाख के गहने और नकदी उड़ाई
जोगिंद्रनगर उपमंडल के अंतर्गत आने वाले चौंतड़ा और आसपास के गांवों में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। बीती रात टिकरी मुशेहरा गांव में चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी सुखराम किसी समारोह में शामिल होने गए थे, इसी दौरान चोरों ने उनके घर की खिड़की उखाड़कर घर में घुसपैठ की और नवविवाहिता बहू के लगभग पांच लाख रुपये के गहने चुरा लिए। सुखराम ने बताया कि उनके बेटे की शादी चार महीने पहले ही हुई थी और वह सेना में कार्यरत है।इसी तरह, शंकर कुमार के घर में उस समय उनकी वृद्ध माता अकेली थीं। चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए वहां से भी गहने व नकदी चुरा ली। तीसरे घर में चोरों को सफलता नहीं मिली क्योंकि घरवालों ने पहले ही अपने गहने बैंक लॉकर में सुरक्षित रख दिए थे।घटनाओं की सूचना मिलते ही चौंतड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी अतुल रैना मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है।












