सरकाघाट स्कूल के होनहारों ने चमकाया क्षेत्र का नाम : अनीता आजाद
जिला मंडी के सरकाघाट उपमंडल की बाल पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरकाघाट के विद्यार्थियों ने मैट्रिक व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में राज्य स्तरीय साइंस क्विज व अखिल भारतीय अंडर-19 महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करके स्कूल, माता-पिता व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सोमवार को स्कूल में इन होनहार बच्चों के लिए एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल प्रिंसिपल अनीता आजाद ने मैट्रिक परीक्षा में इशिता व सक्षम राणा तथा 12वीं परीक्षा में अर्शिता चंदेल व कशिश द्वारा मेरिट में आकर उन्हें सम्मानित किया व दूसरे बच्चों को भी उनके पद चिन्हों पर चलने की नसीहत दी। प्रिंसिपल ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि अभी हाल ही में कांगड़ा जिला के डलियारा में आयोजित राज्य स्तरीय युवा साइंस कांग्रेस में स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल करके मुख्यमंत्री के हाथों से इनाम ग्रहण किया है व खेल के क्षेत्र में पिछले सप्ताह अखिल भारतीय बास्केटबॉल अंडर-19 महिला प्रतियोगिता में हमारे स्कूल की स्पोर्ट्स हास्टल की लड़कियों ने प्रथम स्थान हासिल करके ट्रॉफी पर कब्जा किया है, जिसके लिए हमारे विद्यालय के बच्चे, खिलाड़ी, अध्यापक, प्राध्यापक, कोच व अभिभावक बधाई के पात्र हैं। प्रिंसिपल ने आगे भी इस तरह की उपलब्धी हासिल करने के लिए सभी बच्चों व अध्यापकों से निरंतर प्रयास करने का आग्रह किया, ताकि सरकाघाट क्षेत्र के गौरवमयी इतिहास को पुनः हासिल किया जा सके।












