216 लाख करोड़ पहुंचा देश का कर्ज. 70 सालों में था मात्र 55 हजार करोड़ था: अखिल
जिला मंडी कांग्रेस कार्यालय में युवा कांग्रेस ने पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। इस मौके पर मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी व युकां प्रदेश उपाध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री ने बैठक ली, जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष तरूण ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र ठाकुर, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष निखिल ठाकुर और 10 विधानसभा के सभी अध्यक्ष, युवा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि आज महंगाई ने तो पूरे देश में हर वर्ग के लोगों की कमर तोड़ कर रख दी है। अभी हाल ही में गैस सिलेंडर के दाम फिर से 50 रुपए बढ़ाए गए। थोड़ा सा पीछे मुड़कर देखें तो पिछले 10 सालों में लोगों को लगातार बेवकूफ बनाया गया और महंगाई में बढ़ोतरी हुई। गलत जीएसटी लगाया गया और ऐसी कोई वस्तु नहीं छोड़ी जिस पर जीएसटी न लगाया गया हो। बच्चों की कॉपी, पेन, पेनसिल, रबड़ से लेकर खाने की प्रत्येक सामग्री पर टैक्स लगाया गया। अपने उद्योगपति मित्रों का लाखों करोड़ का कर्ज माफ किया और आम जनता की जेब खाली की। जिस देश में अमृत काल ऐसा चल रहा हो कि 80 करोड़ जनता को 5 किलो राशन देना पड़ रहा हो आप स्वयं अंदाजा लगा सकते हैं कि विश्वगुरु बनने के कितने नजदीक हैं। रुपया आज 1 डॉलर के मुकाबले 87 पर पहुंच गया है। आज देश पर 216 लाख करोड़ का कर्ज है जो पिछले 70 साल में 55 हजार करोड़ था। मात्र 10 साल में इतना डंका बजा कि कर्ज 216 लाख करोड़ पहुंच गया। बड़े दुःख की बात है कि आज जनता को जाति और धर्म जैसे मुद्दों पर लड़ाया जा रहा और देश में लगातार जनता की काटने का काम किया जा रहा।