आईटीआई पपलोग, सरकाघाट में राज्य स्तरीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, मार्च पास्ट में किन्नौर का दबदबा
आईटीआई पपलोग में 34वीं राज्य स्तरीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खेल-कूद (पुरुष) प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। प्रतियोगिता के शुभारम्भ समारोह में विधायक धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र चन्द्रशेखर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। आईटीआई पपलोग की प्रधानाचार्या लता देवी ने मुख्यातिथि को शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान अपने संबोधन में चंद्रशेखर ने कहा कि खेल विद्यार्थी जीवन की महत्वपूर्ण गतिविधियों में से एक है।
प्रत्येक छात्र को पढ़ाई के साथ साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा खेल मानव जीवन का अभिन्न अंग हैं और जीवन के सभी क्षेत्रों में खेलों का बहुत महत्व है। विधायक ने कहा कि खेल हमें फिट रखने के साथ साथ तनाव को भी कम करता है। खेल खेलने वाले व्यक्ति को निश्चित रूप से कम अवसाद का अनुभव होगा। उन्होंने कहा कि खेल कूद से छात्र जीवन में प्रतिस्पर्धा की भावना भी पैदा होती है जो जीवन भर प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करती है। इससे पहले विधायक चंद्रशेखर ने खेलों का शुभारंभ करते हुए द्वीप प्रज्जवलित व ध्वजारोहण किया। उन्होंने मार्च की सलामी भी ली। इस दौरान लता देवी ने कहा कि वर्ष 2025 आईटीआई पपलोग का रजत जयंती वर्ष है। उन्होंने मुख्य अतिथि को संस्थान की गतिविधियों से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय 34वीं राज्य स्तरीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खेलकूद (पुरुष) प्रतियोगिता में राज्य के 12 जिलों के लगभग 450 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के शुभारंभ में सभी संस्थानों के विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट प्रतियोगिता में भाग लिया। इस प्रतियोगिता में राजकीय औद्योगिक संस्थान किन्नौर ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर आईटीआई मंडी जबकि तीसरे स्थान पर आईटीआई शिमला रहा। इस दौरान स्थानीय संस्थान की छात्राओं द्वारा रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस अवसर पर विधायक चन्द्रशेखर ने प्रतिभागियों को नशे जैसी बुराई से दूर रहने का आग्रह किया। इस अवसर पर उन प्रधान पपलोग शिव कुमार, उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस जीवन लाल गुप्ता, महासचिव जिला कांग्रेस रितेश ठाकुर, सचिव जिला कांग्रेस राजीव कुमार, पंचायत कांग्रेस कमेटी सदस्य मेघ सिंह पटियाल, पूर्व निदेशक भूमि विकास बैंक कौल सिंह ठाकुर, अरुण कुमार, सचिव युवा कांग्रेस केतन ठाकुर, जगननाथ, सुनील कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।












