एनएच-070 निर्माण में अनियमितताओं पर सामाजिक कार्यकर्ता ने दर्ज करवाई ऑनलाइन शिकायत
- गावर, सूर्या, एलएन मालवीया कंपनियों और राष्ट्रीय राजमार्ग व भूतल परिवहन मंत्रालय के अधिकारियों के विरुद्ध प्राथमिकी की मांग
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या ०७० (नया ००३) के निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही और घटिया गुणवत्ता के आरोपों को लेकर धाड़ता क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी ने संबंधित निर्माण कंपनियों और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने सरकाघाट थाना में ऑनलाइन शिकायत संख्या १२२५००३६०७२५०००१७ के माध्यम से गावर निर्माण कंपनी, एलएन मालवीया परामर्श कंपनी, सूर्या निर्माण कंपनी, तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और भूतल परिवहन मंत्रालय के संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि इन कंपनियों और अधिकारियों की लापरवाही जनता की सुरक्षा के साथ खुला खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की है कि दोषी व्यक्तियों और संस्थाओं पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि हिमाचल प्रदेश पुलिस की वेबसाइट पर सीधे प्राथमिकी दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध नहीं है, इसलिए उन्होंने ऑनलाइन शिकायत के रूप में यह कदम उठाया है। अब अपेक्षा है कि पुलिस इस शिकायत को औपचारिक प्राथमिकी में परिवर्तित करेगी। सामाजिक कार्यकर्ता ने स्पष्ट किया कि जब तक दोषियों को दंडित नहीं किया जाता, तब तक वे इस मुद्दे को लगातार उठाते रहेंगे और जरूरत पड़ने पर न्यायालय का दरवाज़ा भी खटखटाया जाएगा।












