रिवालसर त्रिवेणी धर्म स्थली के महूंनाग मंदिर में श्री मदभागवत कथा का आयोजन
त्रिवेणी धर्म स्थली के रूप में प्रसिद्ध रिवालसर क्षेत्र के लेहड़ा गांव स्थित ऐतिहासिक महूनाग मंदिर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन शुरू हो गया है। यह धार्मिक आयोजन श्री माहूनाग के पुजारी परिवार की ओर से 5 जून से 11 जून तक करवाया जा रहा है। भागवत कथा का शुभारंभ बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया। कलश यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई कथा स्थल तक पहुंची। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ धार्मिक उल्लास और भक्ति भाव से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस धार्मिक आयोजन में श्रीमद्भागवत कथा का संगीतमय वाचन प्रसिद्ध भागवताचार्य आचार्य रामानंद शास्त्री जी महाराज द्वारा किया जाएगा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धर्म, भक्ति, और सत्संग के महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा। मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजकों ने बताया कि प्रतिदिन कथा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। क्षेत्रवासियों से आग्रह किया गया है कि वे अधिक संख्या में आकर इस पुण्य अवसर का लाभ उठाएं। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक जागरूकता और सद्भावना का संदेश देने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।












