आतंकवादी विरोधी दिवस के अवसर पर एसडीएम ने दिलाई शपथ
एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी की अध्यक्षता में बुधवार को एसडीएम कार्यालय में आतंकवादी विरोधी दिवस पर शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एसडीएम ने कहा कि इस दिवस को मनाने का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं को आतंकवाद और हिंसा के पथ से दूर करना है। उन्होंने कहा कि देश का जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हम सभी को मानवता के लिए हर प्रकार के आतंकवाद का विरोध करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों सहित आमजन से अपील की कि यदि किसी को कहीं पर भी कोई आतंकी गतिविधि होती दिखाई दे तो वे इसकी सूचना तुरंत पुलिस व प्रशासन को दें, ताकि उस पर उसी वक्त रोक लगाई जा सके। एसडीएम ने सभी कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि हम भारतवासी अपने देश की अहिंसा एवं सहनशीलता की परंपरा में दृढ़ विश्वास रखते हैं तथा निष्ठापूर्वक शपथ लेते हैं कि हम सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करेंगे। हम मानव जाति के सभी वर्गों के बीच शांति, सामाजिक सद्भाव तथा सूझबूझ कायम करने और मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली और विघटनकारी शक्तियों से लड़ने की शपथ लेते हैं।












