पाठशाला की बेटियां करेंगी केरल की सैर, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत हुआ चयन
प्रधानमंत्री श्री योजना के तहत 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगिंद्रनगर की छह मेधावी छात्राएं केरल राज्य के लिए छह दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना हो गईं। इन छात्राओं में साक्षी देवी, समृद्धि ठाकुर, रिद्धि वर्मा, शताक्षी, कृतिका कुमारी और अर्शिता शर्मा शामिल हैं।प्रधानाचार्य मनोज चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि ये सभी छात्राएं गत वर्ष 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में टॉप 10 मेरिट सूची में शामिल रही हैं। उन्होंने कहा कि इन छात्राओं ने न केवल विद्यालय बल्कि अपने माता-पिता का भी नाम रोशन किया है।उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी विद्यालय की दो छात्राएं—अपूर्वा और कशिश—इस योजना के तहत केरल का शैक्षणिक भ्रमण कर चुकी हैं। प्रधानाचार्य चौहान ने बताया कि पूरे जिला मंडी के पीएम श्री स्कूलों में से सबसे अधिक छात्राएं जोगिंदर नगर की इस कन्या पाठशाला से चयनित हुई हैं, जो कि पाठशाला के लिए गर्व की बात है।विद्यालय परिवार ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।












