सर्वोदय जन कल्याण समिति चोलथरा ने जरूरतमंद परिवार को दी आर्थिक सहायता
सर्वोदय जन कल्याण समिति चोलथरा की कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक समिति के प्रधान परजीत ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जन कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए समिति ने ग्रेयोह पंचायत निवासी प्रेम सिंह के पुत्र, जो लगभग पांच-छह महीने पूर्व 20 फुट की ऊंचाई से पक्के फर्श पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे, को सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया। उक्त दुर्घटना में युवक को मल्टीपल फ्रैक्चर तथा सिर में गंभीर चोटें आई थीं। तब से उनका इलाज चंडीगढ़ पीजीआई में चल रहा है और वर्तमान में भी उन्हें नियमित रूप से इलाज के लिए चंडीगढ़ जाना पड़ता है, जिससे उनके परिवार पर भारी आर्थिक बोझ आ पड़ा है। संस्था के संयोजक राजीव आर्य ने यह जानकारी देते हुए बताया कि समिति ने मानवीय संवेदना और अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए उक्त परिवार को ₹11,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। बैठक में संस्था के महामंत्री कै. ओमकार सिंह, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, सरवन सिंह भारद्वाज, ग्रेयोह पंचायत प्रधान एवं संस्था के सदस्य बक्शी राम, चोलथरा पंचायत प्रधान एवं सदस्य मेहर चंद गारला तथा राकेश बन्याल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।












