प्राकृतिक आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए सर्व देवता सेवा समिति ने की अपील
हाल ही में प्रदेश में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में भारी जान-माल के नुकसान को देखते हुए सर्व देवता सेवा समिति, जिला मंडी के अध्यक्ष शिव पाल शर्मा ने समस्त कारदारों से अपील की है कि वे अपनी-अपनी हरियाणों (देवस्थानों) में इस त्रासदी से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करें। शिव पाल शर्मा ने अपने कहा है कि जिन देवी-देवताओं के पास सराय या भवन उपलब्ध हैं, वहां जरूरतमंदों के ठहरने, खाने-पीने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि यह समय एकजुट होकर मानवता की सेवा करने का है और सभी को तन, मन, धन से सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा धर्म और संस्कृति यही सिखाते हैं कि विपत्ति के समय सब एक-दूसरे के काम आएं। ऐसे कठिन समय में सहयोग ही सबसे बड़ा कर्तव्य है और देव परंपरा से जुड़े सभी लोगों को आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए।












