झमाझम बारिश और ओलावृष्टि से जोगिंद्रनगर में गर्मी से राहत, बाजार में लोगों ने पहने हेलमेट
मंगलवार शाम को जोगिंद्रनगर में अचानक मौसम ने करवट ली और झमाझम बारिश के साथ तेज़ ओलावृष्टि हुई, जिससे गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। शाम करीब 5 बजे के आसपास आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में ओले गिरने लगे, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। ओलों की मार इतनी तेज थी कि कई लोग हेलमेट पहनकर बाजार में निकलते देखे गए। कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे तिरपाल डालकर बचाव किया। बच्चों और युवाओं ने इस अनोखे मौसम का आनंद भी लिया। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक पहाड़ी इलाकों में इसी तरह के मौसम की संभावना जताई है।












