आपदाग्रस्त क्षेत्रों में पुनर्वास पहली प्राथमिकता: अनुराग सिंह ठाकुर
हिमाचल प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते हुए हमीरपुर लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को प्राथमिकता दी जा रही है। सराज विधानसभा के बगस्याड़, थुनाग और सराज बाजार में उन्होंने आपदा पीड़ितों से मिलकर उनका हाल जाना, ढांढस बंधाया और राहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने बताया कि उनके निजी प्रयासों से स्कूली बच्चों को 1000 स्कूल बैग, 2000 कॉपियां, 2000 पेंसिलें, 1000 पेन-बॉक्स, 5000 बिस्किट पैकेट, 5000 प्रोटीन बॉक्स तथा 1000 क्लिप बोर्ड वितरित किए गए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। अनुराग ठाकुर ने कहा कि शिक्षा में बाधा न आए, इसलिए यह प्रयास विशेष रूप से किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से अब तक 2000 से अधिक लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल चुका है, जिनमें जांच, दवाइयां, उपचार और सेनिटरी पैड वितरण शामिल हैं। सोमवार को ही 338 लोगों ने इस सेवा का लाभ लिया। अनुराग ठाकुर ने केंद्र और भाजपा संगठन के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि राहत कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। सांसद निधि और मनरेगा के माध्यम से धनराशि जारी कर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से पानी की निकासी और क्रेट वॉल जैसे स्थायी समाधान की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पहले भी हर आपदा में साथ खड़ी रही है और भविष्य में भी हरसंभव सहायता दी जाएगी।












