चैलचौक में तूफान से धराशायी हुआ पुराना पेड़ : बाल-बाल बचीं तीन गाड़ियां, बिजली आपूर्ति ठप
गोहर उपमंडल के चैलचौक क्षेत्र में बुधवार को अचानक आए तेज तूफान के कारण एक पुराना पेड़ धराशायी हो गया। सौभाग्यवश इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जबकि पेड़ के पास खड़ी तीन गाड़ियां भी सुरक्षित बच गईं। पेड़ गिरने से बिजली विभाग की मेन लाइन के तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे चैलचौक और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर लाइन बहाल करने में जुटे हुए हैं। स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से मांग की है कि चैलचौक से सब्जी मंडी तक स्थित ऐसे पुराने पेड़ों की समय रहते जांच कर उन्हें हटाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।












