हुक्कल स्कूल पर गिरी एनएच की दीवार, घटिया निर्माण बना खतरा; ग्रामीणों में भारी आक्रोश
सरकाघाट क्षेत्र में घटिया निर्माण की आशंका आखिरकार सच साबित हुई। धर्मपुर के हुक्कल गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विस्तार के दौरान बनाई गई करीब 20 फीट ऊंची डंगे की दीवार मंगलवार सुबह भारी बारिश के चलते भरभरा कर गिर गई। यह दीवार हुक्कल मिडिल स्कूल की दो कक्षाओं और बरामदे पर गिरी, जिससे भवन को भारी क्षति पहुंची है।
दीवार के नीचे आए मलबे से स्कूल का रास्ता भी पूरी तरह तबाह हो गया है और बच्चों की पढ़ाई ठप हो गई है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने बीते तीन माह में घटिया निर्माण को लेकर प्रशासन, पुलिस और एसडीएम से कई बार शिकायत की थी। 11 अप्रैल को एसडीएम को, जबकि 2 जून को दुबारा शिकायत दी गई। 13 जून को एसडीएम धरमपुर ने मौके पर पहुंचकर ठेकेदारों को कार्रवाई के निर्देश दिए, लेकिन यह सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया।
बीआरएन कंपनी द्वारा यह ठेका दो स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों को सबलेट किया गया था, जिन्होंने कच्ची मिट्टी पर ही डंगा खड़ा कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इन्हें स्थानीय विधायक का संरक्षण प्राप्त है, इसलिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब एसडीएम जोगिंदर पटियाल ने 24 घंटे के भीतर मलबा हटाने और स्कूल मार्ग व भवन की मरम्मत के आदेश दिए हैं। परंतु बनाल, हवानी, बरोटी, बनेरडी समेत दर्जनभर गांवों के लोग अभी भी डर के साये में हैं। बरोटी गांव में एनएच कटिंग के कारण कई मकान खतरे की जद में हैं। ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो बड़ा जन आंदोलन होगा।












