मंडी जिले में मेरे शहर के सौ रत्न छात्रवृति परीक्षा आयोजित
सुंदरनगर में सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में मेरे शहर के 100 रत्न छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया गया। प्रदेश सरकार के सौजन्य और क्रैक अकादमी के सहयोग से आयोजित इस परीक्षा में मंडी जिला से भारी संख्या में बच्चे शामिल हुए। मंडी जिला में उच्च शिक्षा निदेशक और प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक के निर्देशन में आयोजित हुई यह परीक्षा सभी बच्चों ने ओएमआर शीट पर दी। प्रश्न पत्र में स्कूल के विषयों समेत सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पत्र पूछे गए। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य दूरदराज इलाकों तक गुणवत्तापूर्ण कोचिंग की पहुंच बनाने और प्रतिभावान छात्रों को अवसर उपलब्ध करना है। प्रति विधानसभा क्षेत्र के तहत परीक्षा में टॉप रहे 100 छात्रों को क्रैक एकेडमी द्वारा प्रतियोगिता परीक्षा निशुल्क कोचिंग छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। वहीं हर विधानसभा क्षेत्र के अगले 200 छात्रों को 75 प्रतिशत और उसके बाद के 500 छात्रों को 50 प्रतिशत फीस में छूट प्रदान की जाएगी।












