प्रदेश में शिक्षकों के भरे गए 6 हजार से अधिक पद - रोहित ठाकुर
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के राजकीय स्कूलों में विभिन्न शिक्षकों के 6 हजार से अधिक पद भरे जा चुके हैं तथा निकट भविष्य में राज्य चयन आयोग के माध्यम से 3100 और पद भरे जाएंगे, जिसकी चयन प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। यह जानकारी उन्होंने बुधवार को अभिलाषी विश्वविद्यालय चैलचौक के छठे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में दी। इस मौके पर रोहित ठाकुर ने विद्यार्थियों को डिग्रियां भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए भरसक प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विपरीत वित्तीय परिस्थितियों के बावजूद भी इस वित्तीय वर्ष में शिक्षा क्षेत्र के लिए लगभग 8950 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा महाविद्यालयों में काफी समय से रिक्त चल रहे 119 प्रधानाचार्यों के पदों को भरा गया है। इसके अलावा सहायक प्रोफेसर के 484 पद भी भरे गए हैं। इससे पूर्व रोहित ठाकुर ने राजकीय महाविद्यालय बासा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कनैड का निरीक्षण भी किया। उन्होंने महाविद्यालय तथा स्कूल में अधूरे पड़े कार्य को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।












