बसेहड़ गांव में मां जालपा को समर्पित दो दिवसीय मेला धूमधाम से शुरू विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने किया शुभारंभ
उपमंडल मुख्यालय पधर के बसेहड़ गांव में मां जालपा को समर्पित दो दिवसीय वार्षिक मेले का शुभारंभ शनिवार को स्थानीय विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने विधिवत रूप से किया। शुभारंभ अवसर पर सर्वप्रथम क्षेत्र में पधारे विभिन्न देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद विधायक ने समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके उपरांत मेला समिति के अध्यक्ष रमेश चंद एवं सचिव अनिल कुमार द्वारा मुख्य अतिथि विधायक पूर्ण चंद ठाकुर को पारंपरिक शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बसेहड़ महिला मंडल ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया, जबकि कदरयाला महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक पहाड़ी नाटी ने जनसमूह का मन मोह लिया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मेले के वातावरण को जीवंत बना दिया। अपने संबोधन में विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन हमें अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करते हैं। राजनीतिक मुद्दों पर बात करते हुए उन्होंने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने सत्ता में आने के लिए झूठे वादे किए, जिन पर आज तक कोई अमल नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप्प पड़े हैं और जनता को सरकार से किसी उम्मीद की अपेक्षा नहीं रखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी में भ्रष्टाचार और झूठ का बोलबाला है। विधायक ने कहा कि महिलाओं से रोजगार और सहायता के वादे कर उनके फार्म भरवाए गए, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की ऐसी ही हालत रही तो भविष्य में कर्मचारियों को वेतन देना भी मुश्किल हो सकता है। उन्होंने जानकारी दी कि केंद्र सरकार की ओर से क्षेत्र में सड़कों के निर्माण के लिए 155 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार का गरीब परिवारों को मकान आबंटित करने के लिए आभार भी प्रकट किया। साथ ही, फोरलेन निर्माण में प्रभावित परिवारों को चार गुना मुआवजा दिए जाने की मांग भी उन्होंने दोहराई। उन्होंने कहा कि मैं विधायक नहीं हूं बल्कि मेरे दरंग क्षेत्र का हर नागरिक स्वयं विधायक है। इस अवसर पर उन्होंने मां जालपा के मंदिर परिसर में सराय निर्माण हेतु दो लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त मेला समिति को उन्होंने अपनी ओर से 10,000 रुपए की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। इस अवसर पर पधर मंडल भाजपा के अध्यक्ष इंद्र सिंह, मनोहर लाल ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य टांडू पदम ठाकुर, मंडल सचिव सपना ठाकुर, महामंत्री सुरेश कटारिया, युवा मोर्चा के महामंत्री नरेंद्र कुमार, उप-प्रधान हरीश ठाकुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।












