प्रभु श्री राम की जीवन लीलाएं मानवता के लिए प्रासंगिक : गुरु शरण परमार
जोगिंद्रनगर की जलपेहड़ पंचायत के सेरु गांव में चल रही श्री रामलीला की दूसरी संध्या में जिला मंडी कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष गुरु शरण परमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। यह आयोजन जय मां जालपा कला मंच द्वारा करवाया जा रहा है, जो अपने 14 वर्ष पूरे कर चुका है। समिति ने मुख्य अतिथि गुरु शरण परमार को राम नाम का पटका, बैच और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में परमार ने समिति, कलाकारों और सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। परमार ने कहा कि जो भी लोग यहां आए हैं, वे सब प्रभु श्रीराम की इच्छा से अपनी-अपनी सेवाएं दे रहे हैं - कोई काम संभाल कर, कोई अभिनय करके और कोई दर्शक बनकर। उन्होंने कहा कि हर कोई इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दे रहा है। इस अवसर पर गुरु शरण परमार के साथ विक्रम राणा, अक्षय राणा, लवनीत राणा, सत्येंदर परमार, पंकज, अभिषेक, गौरव और रोहित सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।












