भाषाई अध्यापक संघ ने उठाई शिक्षकों की सुरक्षा और लंबित भुगतानों की मांग
हिमाचल प्रदेश राजकीय भाषाई अध्यापक संघ ने प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग से अपील की है कि भारी बारिश, भूस्खलन और खराब मौसम के कारण जब विद्यार्थियों के लिए स्कूलों में छुट्टियां घोषित की जाती हैं, तो यह अवकाश स्कूल स्टाफ, विशेषकर शिक्षकों को भी मिलना चाहिए। संघ के राज्य अध्यक्ष हेमराज ठाकुर ने बताया कि वर्तमान मौसम की स्थिति में जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंचना शिक्षकों के लिए खतरनाक हो सकता है। उन्होंने सराज थुनाग क्षेत्र की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि खराब मौसम के कारण पहले भी एक हादसा घट चुका है। संघ ने हमीरपुर के जिलाधीश द्वारा इस विषय को उठाने की खबर का स्वागत किया है और सरकार से अपील की है कि इस पर गंभीरता से विचार किया जाए। इसके साथ ही संघ ने कर्मचारियों के आर्थिक हितों को लेकर भी सरकार से पुरजोर मांग की है। संघ ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि लंबित 13 प्रतिशत महंगाई भत्ता, पूर्व की वेतनमान वृद्धि और बकाया भुगतान को शीघ्र अदा किया जाए। हेमराज ठाकुर ने कहा कि कर्मचारी अपने परिवारों की जिम्मेदारी निभा रहे हैं और उन्हें समय पर वेतन व भत्ते मिलना जरूरी है। संघ ने स्पष्ट किया कि समय पर भुगतान से सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा, बल्कि इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और प्रशासनिक संबंध मजबूत होंगे।












