भारी बारिश से लैंडस्लाइड, तीन लोगों की मौत
सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के निहारी तहसील की हाड़ाबाई पंचायत के ब्रागता गांव भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड की दुखद घटना सामने आई है। इस हादसे में एक घर मलबे के नीचे दब गया, जिसमें पाँच लोग फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियो की मदद से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। भारी बारिश के कारण आसपास के क्षेत्र की सड़क मार्ग बंद हो गए है। घटना की जानकारी मिलते ही सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल शिमला से धामी होते हुए सुन्नी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात की और मृतकों के परिजनों से संवेदनाएं व्यक्त की। मृतकों का पोस्टमार्टम सुन्नी अस्पताल में किया गया। विधायक जम्वाल ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं और एक आठ महीने का मासूम बच्चा शामिल है। उन्होंने कहा कि यह घटना दिल दहला देने वाली है। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति और अपने चरणों में स्थान दे तथा शोक संतप्त परिवारों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करे।












