पुराने घर से मिला हत्या में इस्तेमाल चाकू, बेटे पर पिता की हत्या का आरोप
जोगिंद्रनगर उपमंडल की दुब्बल पंचायत के द्रोबड़ा गांव में पिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार बेटे से पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। यह चाकू आरोपी ने वारदात के बाद अपने पुराने घर में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित मकान से बरामद किया। थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई है। पुलिस ने खून से सने कपड़े और अन्य अहम साक्ष्य भी जब्त किए हैं। मामले में अब तक परिवार के दो सदस्यों सहित पांच से अधिक लोगों के बयान दर्ज हो चुके हैं, और कुछ अन्य के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। बुधवार को देर शाम आरोपी को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 13 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए गए। डीएसपी पधर देवराज ने बताया कि जांच सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं के तहत की जा रही है और हत्या से जुड़ी हर कड़ी को जोड़ा जा रहा है। घटना सोमवार रात की है जब आरोपी अपनी पत्नी से झगड़ रहा था। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता पर बेटे ने अचानक चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।












