विद्यार्थियों को दी "मजबूत लोकतंत्र के लिए अधिक भागीदारी" विषय पर जानकारी
चौहारघाटी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लपास में सोमवार के दिन भारतीय चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा एसडीएम पद्दर के आदेशानुसार विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल सिंह की अध्यक्षता में तथा नोडल अधिकारी प्रवक्ता राजनीतिक विज्ञान विवेक ठाकुर के नेतृत्व में "मजबूत लोकतंत्र के लिए अधिक भागीदारी" विषय के तहत निर्वाचन (चुनावी) साक्षरता क्लब- ईएलसी का पुनर्गठन किया। विद्यालय के नए विद्यार्थियों को इस शैक्षणिक सत्र के लिए सदस्य बनाया गया। नोडल अधिकारी विवेक ठाकुर ने ईएलसी क्लब के 9वीं से 12वीं कक्षा के सभी सदस्य विद्यार्थियों को क्लब के बारे में बताते हुए कहा कि चुनावी साक्षरता क्लब स्कूली छात्रों को रोचक गतिविधियों और व्यवहारिक अनुभव के माध्यम से जोड़ने का एक मंच है, ताकि विद्यार्थियों और लोगों को उनके चुनावी अधिकारों के बारे में जागरूक किया जा सके तथा उन्हें पंजीकरण और मतदान की चुनावी प्रक्रिया से परिचित करवाया जा सके। इसके अतिरिक्त चुनाव आयोग, व्यस्क मताधिकार के बारे में तथा किसी भी चुनाव की निर्वाचक नामांवली तैयार करने के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान करवाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य घनश्याम ठाकुर, प्रवक्ता हिंदी वेद प्रकाश ठाकुर, डीएम जगदीश नायक आदि अध्यापक भी मौजूद रहे।












