चानोल पंचायत के वार्ड 2 के हरिजन परिवारों का शमशानघाट बदलने की मांग
चानोल पंचायत के वार्ड 2 के हरिजन परिवारों ने अपना शमशानघाट ढांगू बल्ली से बदलने के लिए प्रशासन से गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि आपदा के कारण शमशानघाट तक पहुंचने का रास्ता पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे बरसात के मौसम में अर्थी को शमशानघाट तक पहुंचाना बेहद मुश्किल हो जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए चनोल तलेली पंचायत के हंसराज, गुलाबा राम, देवीराम, कांता देवी, रामदास, सुंदर सिंह, गरजा राम, निमा देवी, जोगिंद्र सिंह, रूपलाल, राजकुमार, लीला देवी, शीला देवी, निकूराम, श्याम लाल, सुरेंद्र सहित 200 से अधिक ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल आज अखिल भारतीय दलित, पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग परिषद के महासचिव चमन राही से मिला। ग्रामीणों ने बताया कि वे इस मामले को लेकर कई बार अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद चमन राही के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल डीसी मंडी से इस मुद्दे का समाधान जल्द करने की अपील करेगा। ग्रामीणों का कहना है कि शमशानघाट का स्थानांतरण या रास्ते की मरम्मत से उनका जीवन सरल होगा और उन्हें और उनके परिवारों को इस दुखद कार्य में कम से कम कठिनाई का सामना करना पड़ेगा।












