रोपड़ू मडोता में लखदाता छिंज मेले का भव्य आयोजन, मंडी के पंकज ने जीती कुश्ती
क्षेत्र के ऐतिहासिक लखदाता छिंज मेले का आयोजन इस बार भी पूरे हर्षोल्लास के साथ किया गया। मेले में बतौर मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव डॉ. राकेश धरवाल ने शिरकत की। मेला कमेटी द्वारा उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और पारंपरिक शाल, टोपी तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मेला कमेटी के प्रधान पूर्ण चंद ठाकुर, कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह ठाकुर, सचिव कमल ठाकुर, सलाहकार बालम राम ठाकुर, कश्मीर सिंह और अन्य सदस्यों ने मेले के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। यह मेला पिछले 7-8 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है और अब एक परंपरा का रूप ले चुका है।डॉ. राकेश ने अपने संबोधन में कहा कि स्थानीय किसानों द्वारा इस मेले का आयोजन कर लोक संस्कृति और परंपरा को जीवंत रखने का कार्य किया जा रहा है, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने मेला कमेटी को 31,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। पहलवानी प्रतियोगिता में मंडी के पंकज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और 9100 रुपए नकद राशि तथा गुरज जीतकर विजेता बने। हरियाणा के अनिल दूसरे स्थान पर रहे जिन्हें 8100 रुपए की इनामी राशि दी गई। मेले में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल के विभिन्न जिलों से पहलवानों ने भाग लिया और अपने दांव-पेंच से दर्शकों को रोमांचित किया। इस अवसर पर वीरेंद्र ठाकुर, नागेश ठाकुर, राम सिंह ठाकुर, नरेंद्र ठाकुर, राजेंद्र पाल ठाकुर समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












