फुटपाथों के स्लैब टूटे, हादसों का बढ़ा खतरा, फुटपाथों के स्लैब टूटे, हादसों का बढ़ा खतरा
सरकाघाट नगर परिषद क्षेत्र में बन रहे नेशनल हाईवे के दोनों ओर बनाए गए फुटपाथ निर्माणकार्य में भारी लापरवाही सामने आई है। सड़क किनारे बनाए गए अधिकांश फुटपाथों के स्लैब निर्माण के दौरान ही जगह-जगह से टूट चुके हैं, जिससे रोजाना आवाजाही करने वालों के लिए खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटिया सामग्री के इस्तेमाल के कारण स्लैब लोगों के पैदल चलने भर से ही टूट रहे हैं। बरसात में इन टूटे स्लैबों की वजह से अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं। खासकर प्रदेश के एकमात्र गल्र्स बास्केटबाल स्पोट्र्स हॉस्टल की छात्राएं गंभीर खतरे का सामना कर रही हैं। हॉस्टल के गेट के बाहर स्लैब टूटने से बच्चियां सुबहशाम की प्रैक्टिस के दौरान कई बार गिर चुकी हैं। करीब दो साल पहले शुरू हुए डबललेन एनएच प्रोजेक्ट के चलते नगर परिषद की पुरानी नालियां हटा दी गई थीं। वार्ड-1 से जमसाईं तक करीब 4 किमी तक दोनों ओर नई नालियां और फुटपाथ बनाए जा रहे हैं, लेकिन काम अभी अधूरा है और जहां हुआ है, वहां भी टूट-फूट शुरू हो चुकी है। प्रशासन और गुणवत्ता नियंत्रण की जिम्मेदारी एसडीएम के पास होने के बावजूद अब तक कंपनी पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। ठेकेदार गावर कंपनी ने काम सबलेट कर दिया था, लेकिन मूल ठेकेदार के काम छोडऩे से दिक्कतें बढ़ गईं।












