नगर परिषद सुंदरनगर के सुकेत शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में अग्निकांड, धू-धू कर जली रेडीमेड कपड़ों की दुकान, पीड़ित का 10 लाख रुपए नुकसान का अनुमानित
नगर परिषद सुंदरनगर के नया बस स्टैंड के समीप सुकेत शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में बुधवार देर रात एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर दुकान का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस अग्निकांड में पीड़ित दुकानदार का लगभग 10 लाख रुपए के नुकसान का लगाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार देर रात अचानक दुकान से धुआं उठता दिखा, जिसकी सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। लेकिन दुकान में आग की लपटों से मौजूद सारा सामान राख हो गया। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हादसा उस समय पेश आया है जब दुकान मालिक लाल सिंह पुत्र हुकम चंद निवासी गांव व डाकघर मैरामसीत तहसील सुंदरनगर जिला मंडी अपनी दुकान को बंद कर घर चले गए थे। वहीं प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच में जुट गई हैं।
संयुक्त व्यापार संगठन अध्यक्ष मौके ने भी किया घटनास्थल का दौरा
घटना की जानकारी मिलते ही संयुक्त व्यापार संगठन सुंदरनगर के अध्यक्ष सुरेश कौशल उर्फ बब्बू पंसारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित दुकानदार को ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित को तत्काल राहत राशि एवं पुनर्वास सहायता उपलब्ध करवाई जाए। सुरेश कौशल ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यापारी का नहीं, पूरे व्यापार समुदाय का नुकसान है। संयुक्त व्यापार संगठन इस मुश्किल घड़ी में लाल सिंह के साथ खड़ा है और हरसंभव सहायता दी जाएगी। स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में फायर सेफ्टी सिस्टम को मजबूत किया जाए और प्रभावित दुकानदार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।












