कांग्रेस पार्टी में राहुल गांधी फार्मूले पर बने कार्यकारिणी: चमन राही
अखिल भारतीय दलित पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग परिषद के महासचिव एवं राज्य प्रवक्ता चमन राही ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि परिषद की बैठक उपरांत निर्णय लिया गया कि जातिगत जनगणना के राहुल गांधी के फार्मूले का हम समर्थन करते हैं। इसके साथ ही दलित, पिछड़ा व अल्पसंख्यक वर्गों के सहयोग से ही हिमाचल में कांग्रेस सत्तासीन हुई है, लेकिन आज दिन तक न बोर्ड निगमों में जनसंख्या के आधार पर उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। इसके साथ हिमाचल में प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर जातिगत गणना के आधार पर पार्टी संगठन में प्रतिनिधित्व दिया जाए। उन्होंने कहा कि गत 28 फरवरी को हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल ने नए संगठन को लेकर फ्रंटल ऑर्गनाइजेशन, विधायक, पूर्व मंत्री व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से विचार विमर्श व बैठक की थी, लेकिन लंबा समय बीतने के बाद भी किसी की नियुक्ति नहीं हुई है। उस समय रजनी पाटिल ने कहा था कि मैं यह सारी रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंपूंगी। बता दें कि 6 नवंबर 2024 को सभी कार्यकारिणियां भंग कर दी थी। लंबा समय बीतने के उपरांत कांग्रेस संगठन में स्थिलता आ रही है, जिससे कार्यकर्ताओं को मनोबल तो गिर ही रहा है, साथ में कांग्रेस पार्टी कमजोर हो रही है। चमन राही ने कहा कि कांग्रेस की मजबूती के लिए हमने राष्ट्रीय अध्यक्ष व राहुल गांधी को अप्रोच किया है। चमन राही ने कहा कि भाजपा ने हिमाचल में संगठन से लेकर केंद्र सरकार तक इन वर्गों की अनदेखी का सिलसिला जारी है। इस मौके पर संयोजक सन्नी इपन, सह सचिव सादिक मोहम्मद, सरदार सुच्चा सिंह, जिलाध्यक्ष चंद्रवीर कागरा, महासचिव अशोक नागवंशी व बल्ह सुधार सभा के अध्यक्ष यशवंत गुलेरिया आदि उपस्थित रहे।












