पात्र मतदाता जल्द करवाएं पंजीकरण, बीएलओ तैयार करें छूटे मतदाताओं की सूची
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार सरकाघाट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत छूटे हुए और नए पात्र मतदाताओं की पहचान एवं नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बैठक का आयोजन किया गया। राजकीय डिग्री कॉलेज, सरकाघाट के सभागार में आयोजित बैठक में विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और बीएलओ पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। बैठक में बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को अपने मतदान क्षेत्र में जाकर मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण करने और किसी कारणवश अब तक मतदाता सूची में सम्मिलित न हुए सभी पात्र नागरिकों की पहचान करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी और समावेशी बनाना है, इसलिए यह अत्यंत आवश्यक है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। इसके लिए बीएलओ को निर्देशित किया गया कि वे छूटे हुए मतदाताओं के साथ-साथ शादी एवं मृत्यु संबंधी घटनाओं की जानकारी पंचायत सचिव से समन्वय करके प्राप्त करें, ताकि मतदाता सूची को सटीक व अद्यतन बनाया जा सके। बैठक में महिला मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने के लिए भी रणनीति तैयार की गई। इस दौरान सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में ऐसे छूटे हुए मतदाताओं की सूची तैयार करें और उनसे फॉर्म-6 तथा फॉर्म-7 समय पर भरवाना सुनिश्चित करें, ताकि निर्धारित समय सीमा में संशोधित मतदाता सूची निर्वाचन आयोग को भेजी जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में सम्मिलित करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का आधार है। इस कार्य को पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ संपन्न करना सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों का कर्तव्य है।












