डैहर और निहरी में गश्त के दौरान दो महिलाओं के घरों से बरामद हुई नाजायज शराब, दोनों पर एफआईआर दर्ज
जिला मंडी के सुंदरनगर उपमंडल में पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में महिलाओं के कब्जे से हजारों मिलीलीटर नाजायज शराब बरामद की है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)ए के तहत एफआईआर दर्ज किए गए हैं। पहला मामला थाना सुंदरनगर के अंतर्गत सामने आया है। पुलिस चौकी डैहर के प्रभारी ने गश्त के दौरान मलयाणी गांव निवासी बंती देवी पत्नी लछमण राम के रिहायशी मकान से 3 हजार मिलीलीटर नाजायज शराब बरामद की। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है, वहीं दूसरा मामला पुलिस थाना कॉलोनी के अंतर्गत पुलिस चौकी निहरी का है। गश्त के दौरान पुलिस ने चिरल गांव निवासी तवारसी देवी पत्नी कृपा राम के घर से 6 हजार मिलीलीटर नाजायज शराब बरामद की। इस पर भी आबकारी अधिनियम के अंतर्गत एफआईआर पंजीकृत किया गया है। पुष्टि करते हुए एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ जिला मंडी में लगातार पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर लिया गया है।












