हराबाग में हादसे को न्योता दे रहे सूखे पेड़, महिला मंडल ने उठाई कटवाने की मांग
उपमंडल जोगिंद्रनगर के हराबाग क्षेत्र में सूखे और झुके हुए पेड़ स्थानीय लोगों के लिए खतरे का कारण बनते जा रहे हैं। मां शीतला महिला मंडल, अवायर हराबाग की महिलाओं ने सोमवार को एसडीएम जोगिंद्रनगर को ज्ञापन सौंपकर इन पेड़ों को तुरंत हटवाने की मांग की। महिला मंडल की अध्यक्ष वंदना शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में बताया कि अपर हराबाग क्षेत्र में सड़क किनारे और घरों के पास कई पेड़ खतरनाक स्थिति में खड़े हैं, जो तेज हवा या बारिश के दौरान कभी भी गिर सकते हैं। इससे न सिर्फ जानमाल का नुकसान हो सकता है बल्कि आए दिन क्षेत्रवासियों को दहशत में रहना पड़ रहा है। महिलाओं ने यह भी बताया कि इन पेड़ों की जड़ें कमजोर हो चुकी हैं और कई पेड़ झुक चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में पहले भी ग्राम पंचायत को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। महिला मंडल की सचिव सुनीता ने कहा कि क्षेत्र में अक्सर तेज हवाएं चलती हैं, जिससे पेड़ों के गिरने का खतरा और अधिक बढ़ गया है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि इन पेड़ों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। स्थानीय लोग उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई करेगा।












