डॉ. दीपक पुरी की अवार्ड विनिंग लघु फिल्म रिलीज हुई
शिमला से संबंधित कार्डियक सर्जन डॉ. दीपक पुरी द्वारा बनाई गई अवार्ड विनिंग लघु फिल्म ‘रखिए दिल का ख्याल दिल से’ तीन दिवसीय 15वें वार्षिक कार्डियोमर्सन ग्लोबल कॉन्फ्रेंस 2025 के दौरान रिलीज की गई। इस फिल्म का लेखन, निर्माण और निर्देशन डॉ. पुरी ने किया है। फिल्म में एक साधारण कहानी के माध्यम से दर्शाया गया है कि हार्ट अटैक के कारण आजकल युवा क्यों अपना बहुमूल्य जीवन गवां रहे हैं। डॉ. पुरी ने इस फिल्म में दो प्रेरक गीत भी गाए हैं। फिल्म दर्शकों को नियमित व्यायाम करने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने और संगीत तथा प्रकृति के स्वास्थ्य लाभों का आनंद लेने के लिए प्रेरित करती है। फिल्म में दिखाया गया है कि स्वस्थ और फिट दिखने के बावजूद युवा अचानक हृदयाघात का शिकार हो रहे हैं और कैसे शुरुआती जोखिम कारकों की जांच और स्वस्थ जीवन शैली अपनाकर इसे रोका जा सकता है। डॉ. पुरी ने कहा, "आजकल युवा उन मशहूर हस्तियों का आंख मूंदकर अनुसरण करते हैं, जिनकी खुद की जीवनशैली तनावपूर्ण और अस्वस्थ होती है। कई युवा नशे की लत में फंस रहे हैं, जबकि अधिकांश युवा स्व-चिकित्सा या अपरंपरागत उपचारों का भी पालन करते हैं, जिनका कोई वैज्ञानिक रूप से सिद्ध आधार नहीं है और बहुमूल्य जीवन खो देते हैं।"अधिकांश युवा दिल के दौरे के लक्षणों को पहचानने में असमर्थ होते हैं और अपना बहुमूल्य समय खो देते हैं, जिस दौरान उनके हृदय की मांसपेशियां क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, उन्होंने कहा। डॉ. पुरी को लघु फिल्म श्रेणी में इंडीज फिल्म समारोह में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार दिया गया। उन्हें स्वास्तिक फिल्म समारोह में 'प्रशंसा पुरस्कार' भी मिला। फिल्म को विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा 2024 में यूनिवर्सल व्यूइंग श्रेणी में भी चुना गया था।












