फोरलेन और सर्विस रोड की खराब स्थिति से नाचन क्षेत्र में बढ़ी मुश्किलें, केंद्र सरकार से सुधार की मांग
लगातार भारी बारिश की स्थिति बनने से नाचन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते फोरलेन का एक बड़ा भाग खस्ताहाल में देखा जा सकता है। गांव जरल के यहां के फोरलेन की उतराई से सटे सर्विस रोड की नाली न बनने से जहां गहरा भाग बारिश सहित आसपास की जमीन में जमा पानी से तर बतर एवं तालाब बना रहता है इसके साथ ही गांव नौलखा -भौर वाया कनैड के फोरलेन के सर्विस रोड के मामले में भी आधी अधूरी हालत में पानी की उचित निकासी व्यवस्था में फिसड्डी रहने वाले संबंधित केंद्रीय प्राधिकरण से बार बार की जा रही मांग के बावजूद भी सुधार होने की बजाय सर्विस रोड आदि दिनों दिन परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं।बुद्धीजीवी लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा कीरतपुर -मनाली फोरलेन का कार्य बड़े शहरों के मुताबिक प्लानिंग से न कर केवल बेगार ही टाली है जिसका खामियाजा वाहन चालकों सहित कई क्षेत्रों में जुड़े लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों ने यह आरोप भी लगाते हुए कहा कि भेदभावपूर्ण रवैया अपनाते हुए केंद्र सरकार ने अधूरा एवं बेतरतीब ढंग का घटिया निर्माण कार्य कर प्रदेश की भोली -भाली जनता को गुमराह कर अपने चहेतों को यह देश की गाढ़ी कमाई खिलाकर बड़ा भ्रष्टाचार किया है। लोगों ने मंडी की सांसद कंगना रनौत तथा केंद्र सरकार से पुरजोर मांग की है कि फोरलेन एवं सर्विस रोड का ढंग का कायाकल्प करे।












