इस वर्ष खुराहल में नहीं होगा दंगल, आयोजन अब 2026 में
ग्राम खुराहल में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला पारंपरिक दंगल इस वर्ष आयोजित नहीं किया जाएगा। आज युवक मंडल खुराहल के प्रधान रजनीश ठाकुर की अध्यक्षता में दंगल कमेटी की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें दंगल आयोजन से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में इस वर्ष 28 मई को प्रस्तावित दंगल पर चर्चा की गई, जो गांव के एक युवा साथी की आकस्मिक मृत्यु के कारण स्थगित कर दिया गया था। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि इस वर्ष दंगल का आयोजन नहीं किया जाएगा। दंगल कमेटी ने बताया कि इस बार आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर नहीं हो पाईं, जिसके चलते दंगल को अगले वर्ष, अर्थात 28 मई 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। प्रधान रजनीश ठाकुर ने बैठक में दंगल की शेष राशि और इस वर्ष के खर्चों का पूरा ब्यौरा सदस्यों के समक्ष रखा। साथ ही उन्होंने सभी पहलवानों व दंगल प्रेमियों से आग्रह किया कि वे इस निर्णय को समझें और सहयोग करें। कमेटी की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि इस वर्ष खुराहल का दंगल आयोजित नहीं होगा।












