कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल: ठाकुर गुलाब सिंह
पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह ने बुधवार को लडभड़ोल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार नीतियों के अभाव में पूरी तरह विफल साबित हुई है और उसकी प्रशासनिक पकड़ भी खत्म होती जा रही है। ठाकुर गुलाब सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार केवल दिखावटी बनकर रह गई है और जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि जोगिंद्रनगर और लडभड़ोल में उनके कार्यकाल के दौरान शुरू किए गए विकास कार्य अब पूरी तरह ठप पड़ चुके हैं। उन्होंने सड़कों की बदहाल स्थिति, जल आपूर्ति व्यवस्था की बदइंतजामी और अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को लेकर सरकार की तीखी आलोचना की। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में दो पुल बनने के बावजूद बसों की आवाजाही आज भी सुचारू नहीं हो सकी है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व मंत्री ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार की उदासीनता के चलते क्षेत्रवासी खुद को "लावारिस" महसूस कर रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है और जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है।












