चंडीगढ़ मनाली एनएच पांचवें दिन भी लगातार बंद
- रात को भी बंद ही रहेगा, बारिश का लॉकडाउन, जनजीवन थमा
चंडीगढ़ मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार पांचवें दिन भी बंद रहा है। भारी बारिश के कारण पंडोह से झलोगी तक अनेकों स्थानों पर लैंडस्लाइड और पहाड़ियों से लगातार पत्थर गिरने के कारण सड़क मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। बारिश है कि रुकने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे में सड़क मार्ग को सुचारू करना बहुत मुश्किल है। हालांकि पेट्रोल, डीजल गैस आदि आवश्यक सेवाओं के वाहनों को डयोड से हानोगी टनल तक बीती रात को पहुंचाया गया है। मगर मगर वहां से आगे दवाडा तक सड़क मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है, इसलिए इन वाहनों को फिर से रोक दिया गया है। बता दें कि बुधवार रात को भी यह सड़क मार्ग बंद ही रहेगा। इस सड़क पर पैदल चलना भी जोखिम भरा है। वाहनों को सात मील से नवोदय विद्यालय तक फोरलेन पर सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है। बारिश ने कोरोना काल जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। मौसम के रेड अलर्ट और लगातार हो रही तेज बारिश ने लोगों को अपने ही घरों में कैद कर दिया है। बाहर निकले तो ना जाने कहां से पहाड़ गिर पड़े या जमीन धंस जाए। लोग हताश है, भयभीत हैं।












