कुफरी में 20 मई से शुरू होगा बाबा लखदाता मेला, 22 मई को होगा समापन, कुश्ती दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे आकर्षण का केंद्र
उपमंडल पधर की ग्राम पंचायत कुफरी (इलाका दुंधा) में बाबा लखदाता पीर को समर्पित पारंपरिक तीन दिवसीय ग्रामीण मेला 20 मई से आरंभ होगा। इस मेले का आयोजन मेला कमेटी द्वारा स्थानीय जन सहयोग से किया जा रहा है। मेला कमेटी के अध्यक्ष विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस आयोजन में महिला मंडलों की सक्रिय भागीदारी रही है, जिन्होंने तैयारियों में विशेष सहयोग प्रदान किया है। मेले का शुभारंभ 20 मई को पंचायत समिति सदस्य एवं भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के वरिष्ठ अभिकर्ता घनश्याम ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। 21 मई को मेले में बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक पूर्ण चंद शिरकत करेंगे, वहीं 22 मई को समापन समारोह की अध्यक्षता पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर करेंगे। उन्होंने कहा कि 20 मई को महिला मंडलों एवं स्कूली विद्यार्थियों के बीच खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही इस दिन से वॉलीबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत भी होगी। वॉलीबॉल में भाग लेने वाली टीमों को 20 मई सुबह 11 बजे से पहले पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा। 21 मई को मेले का प्रमुख आकर्षण सांस्कृतिक संध्या रहेगी। जिसमें हिमाचल की प्रसिद्ध गायिका नीरू चांदनी अपनी सुरीली आवाज में प्रस्तुति देंगी। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के युवा समाजसेवी द्रुपद मेहता मुख्य अतिथि होंगे। 22 मई को मेले के अंतिम दिन विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश ही नहीं बल्कि बाहरी राज्यों के भी नामी पहलवानों के भाग लेने की संभावना है। पहलवानों को 22 मई दोपहर 12 बजे तक पंजीकरण करवाना होगा, इसके बाद कोई भी प्रविष्टि स्वीकार नहीं की जाएगी। मेला कमेटी ने क्षेत्रवासियों, खेल प्रतिभागियों और सांस्कृतिक प्रेमियों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है ताकि यह पारंपरिक आयोजन और भी भव्य और सफल बन सके।












