जोगिंद्रनगर में नशीली दवाओं के विरुद्ध चला जागरूकता अभियान, थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ, युवाओं से की अपील
नशीली दवाइयों के दुरुपयोग के खिलाफ सोमवार को जोगिंद्रनगर में व्यापार मंडल के सहयोग से एक विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जोगिंद्रनगर थाना की प्रभारी सकीनी कपूर ने की। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में हमें एकजुट होकर काम करना होगा और शपथ लेनी होगी कि हम नशे की हालत में न तो स्वयं वाहन चलाएंगे और न ही किसी को चलाने देंगे। सकीनी कपूर ने कहा कि समाज से नशा हटाने में युवा वर्ग की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नशे से न केवल व्यक्ति बल्कि उसका पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। एक नशामुक्त समाज ही स्वस्थ और सशक्त समाज बन सकता है। उन्होंने दवा विक्रेताओं से भी अपील की कि वे इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उनकी दुकानों से कोई ऐसी सामग्री न बिके जिसका दुरुपयोग नशे के लिए किया जा सकता हो। इससे पूर्व लीगल सर्विस कमेटी से अधिवक्ता सुनीत ठाकुर व अधिवक्ता लता ठाकुर ने भी नशा उन्मूलन पर अपने विचार रखे। व्यापार मंडल के प्रधान भास्कर गुप्ता और सचिव सतवीर शर्मा ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया और इस अभियान को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
यह कार्यक्रम समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में सराहा गया।












