थुनाग उपमंडल में 14 जुलाई से खुलेंगे सभी शिक्षण संस्थान, सराज व बगस्याड के 9 स्कूल अभी भी रहेंगे बंद
थुनाग उपमंडल में हाल में आई प्राकृतिक आपदा के कारण बंद किए गए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को लेकर प्रशासन ने ताज़ा दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनके अनुसार सराज और बगस्याड क्षेत्र के नौ सरकारी विद्यालयों को छोड़कर शेष सभी शैक्षणिक संस्थान, बाल केंद्र तथा तकनीकी संस्थान सोमवार, 14 जुलाई से पुनः संचालित किए जाएंगे। प्रशासन द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, जिन क्षेत्रों में स्थिति अभी सामान्य नहीं हुई है, वहां के विद्यालयों को 16 जुलाई तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है, वहीं बाकी क्षेत्रों में विद्यालय, महाविद्यालय, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र निर्धारित दिनांक से पूर्ववत रूप में खुलेंगे।
बंद रहने वाले विद्यालयों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगस्याड, राजकीय माध्यमिक विद्यालय शिकारी, राजकीय माध्यमिक विद्यालय शरण, प्राथमिक विद्यालय शिकारी, प्राथमिक विद्यालय शरण, प्राथमिक विद्यालय चमेट, प्राथमिक विद्यालय कुंड, प्राथमिक विद्यालय घडीनाला और प्राथमिक विद्यालय मझाकुड़ शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों के अनुसार ही अपने बच्चों को विद्यालय भेजें और एहतियात बरतें।












