जलपेहड़ में हादसा: एचआरटीसी ड्राइवर-कंडक्टर ने पेश की मानवता की मिसाल, समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचाई महिला और बच्चे की जान
एचआरटीसी की एक बस में हुई एक छोटी सी दुर्घटना ने ड्राइवर राज कुमार और कंडक्टर देवेंद्र राठौर की दिलेरी और मानवता का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसकी सराहना हर ओर की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बनाई हार से जोगिंदरनगर आ रही एचआरटीसी बस जब जलपेहड़ के पास पहुंची, तो अचानक बस के पिछले हिस्से से एक महिला का छाता लगने से वह और उनके साथ का छोटा बच्चा नीचे गिर पड़े। इस घटना में दोनों को हल्की चोटें आईं। हालांकि, ड्राइवर राज कुमार और कंडक्टर देवेंद्र राठौर ने बिना देर किए तुरंत बस रोक दी और महिला व बच्चे को फिर से बस में बिठाया। उन्होंने इंसानियत का परिचय देते हुए बस को सीधा जोगिंदरनगर अस्पताल तक पहुंचाया और उन्हें समय पर प्राथमिक उपचार दिलवाया स्थानीय लोगों और यात्रियों ने ड्राइवर और कंडक्टर की इस तत्परता और संवेदनशीलता की खूब सराहना की है। कहा जा रहा है कि अगर समय पर मदद न मिलती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। एचआरटीसी प्रशासन से लेकर आमजन तक सभी ने राज कुमार और देवेंद्र राठौर की प्रशंसा की है, जिन्होंने कठिन समय में एक जिम्मेदार नागरिक और कर्मचारी होने का फर्ज बखूबी निभाया। इनकी यह कार्यप्रणाली दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और मानवता की मिसाल के रूप में याद रखी जाएगी।












