अभिलाषी विश्वविद्यालय में 6वें दीक्षांत समारोह का आयोजन: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने 320 विद्यार्थियों को बांटी डिग्रियां, 8 होनहारों को पहनाए गोल्ड मेडल
अभिलाषी विश्वविद्यालय चैलचौक मंडी में 6वें दीक्षांत समारोह धूमधाम से आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर हिमाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर उपस्थित रहे। उनके साथ पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव ठाकुर सोहन लाल, लाल सिंह कौशल, चमन राही, महेंद्र सिंह, निखिल ठाकुर, एसडीएम बल्ह, उपशिक्षा निदेशक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई तथा उसके बाद दीप प्रज्वलित करके दीक्षांत समारोह का शुभारंभ किया गया। मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए अभिलाषी विश्वविद्यालय ने अपनी विशिष्ट पहचान बना ली है। देवभूमि हिमाचल की गोद में स्थित यह विश्वविद्यालय अब गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का एक मजबूत स्तंभ बनकर उभरा है। संस्थान के स्थापना से लेकर आज तक, अभिलाषी परिवार ने जिस समर्पण और तपस्या के साथ कार्य किया है, उसने इस सपने को साकार कर दिखाया है। कम समय में एक आधुनिक, नवाचार-युक्त और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों वाला विश्वविद्यालय खड़ा करना अपने आप में एक मिसाल है। वर्तमान में देशभर से छात्र यहां अध्ययन के लिए आ रहे हैं।
बाहरी राज्यों में नहीं जाते छात्र
इस समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति, डॉ आर.के. अभिलाषी ने की। उन्होंने डिग्रीधारक छात्रों के साथ अपने व्याख्यान में कहा कि अब उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। साथ में ही उन्होंने विश्वविद्यालय की अनेकों उपलब्धियों को भी गिनाया। उन्होंने बताया की अभिलाषी विश्वविद्यालय में बहुत सारे ऐसे कोर्सेज हैं जिनको हिमाचल प्रदेश में पहली बार चलाने की पहल यहीं से हुई है ताकि प्रदेश के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहरी राज्यों का रुख ना करना पड़े। वहीं विश्वविद्यालय की तरफ से मुख्यातिथि व अन्य गणमान्यों को सम्मानित किया गया।
विवि के कुलपति प्रो. एच. के. चौधरी ने सभागार में उपस्थित सभी गणमान्यों का स्वागत किया।
320 विद्यार्थियों ने प्राप्त की डिग्रियां
इस दीक्षांत समारोह में 320 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गई, जिसमें पी.एच.डी. के 12 छात्र, यू.जी. के 161 विद्यार्थी, पी.जी. के 147 विद्यार्थियों ने डिग्रियां प्राप्त की। इसके अतिरिक्त 8 विद्यार्थियों को श्रीतुलसी राम अभिलाषी मेमोरियल गोल्ड मेडल से भी नवाजा गया। इस कार्यक्रम में अभिलाषी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. आर.के. अभिलाषी, प्रति कुलाधिपति डॉ. एल.के. अभिलाषी कुलपति प्रोफेसर एच.के. चौधरी, रजिस्ट्रार डॉ. कपिल कपूर, फाइनेंस अधिकारी नरेंद्र कुमार, जीनियस एजुकेशन सोसायटी की अध्यक्षा डॉ. नर्वदा अभिलाषी, अभिलाषी एजुकेशन सोसायटी की उपाध्यक्ष डॉ. प्रोमिला अभिलाषी, विभिन्न विभागों के डीन, डॉयरेक्टर, विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर और अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के समापन का धन्यवाद प्रस्ताव छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. देवेंद्र शर्मा द्वारा किया गया।
इन छात्रों को मिले गोल्ड मेडल
एमएससी जूलोजी की गुंजन, एमबीए की शिल्पा देवी, एमए एजुकेशन से विजय भारती, एमटेक सिविल इंजीनियरिंग से रोजिना सुब्बा, एम फार्मा से अनीता कुमारी, बी फार्मा से अंबिका सूद, बी.एस.सी एग्रीकल्चर की करिश्मा गुलेरिया, बीएससी मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी से बबीता ठाकुर को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।












