बुजुर्ग के अंतिम संस्कार को जा रही जीप में सवार 2 की मौत, 20 घायल
मंडी जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने शोक में डूबे परिवारों के जख्म और गहरे कर दिए। गोहर उपमंडल की ग्राम पंचायत शाला के सनपालू नाला के पास एक जीप गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार भूरला और झमाड़ गांव के लोग मझोठी गांव में एक बुजुर्ग के अंतिम संस्कार में भाग लेने सभी एक मालवाहक जीप में सवार थे। दोपहर करीब 1 बजे जैसे ही वाहन सनपालू नाला के समीप पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और जीप लगभग 50 मीटर गहरी खाई में चट्टानों के बीच जा समाई। इस हृदय विदारक हादसे में बोधराज पुत्र लछी राम और नीलमणी पुत्र शाहडू (निवासी भूरला) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण धमाके और चीख-पुकार सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही गोहर थाना पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को सिविल अस्पताल गोहर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया गया। घायलों में कृष्ण चंद, डोला राम, कुरम देव, किरणा, प्रवीण, डोलमा, जुद्धया, परम देव, केसर सिंह, द्रोम्पति, देशराज, मान दास आदि शामिल है7 एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, तहसीलदार गोहर कृष्ण कुमार भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन की ओर से घायलों व मृतकों के परिवारों को तात्कालिक राहत मुहैया करवाई गई।












