सील्ड रोड पर मंत्री विक्रमादित्य, DIG अधिकारी और ओशीन शर्मा का कटा चालान, वीडियो बनाने पर भड़कीं SDM साहिबा!
शिमला। राजधानी शिमला में सील्ड रोड पर वाहन चलाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की सरकारी गाड़ी का चालान काटा गया है। बताया जा रहा है कि गाड़ी सील्ड रोड से गुजर रही थी, जिस पर हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने आपत्ति जताई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिल्ली चौक के पास गाड़ी का ₹1500 का चालान किया। उस समय वाहन में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह भी सवार थीं।
जानकारी के अनुसार इस दौरान एसडीएम ओशीन शर्मा और एक डीआईजी रैंक के अधिकारी के वाहन का भी चालान किया गया। शिमला में कई सड़कें सील्ड रोड के रूप में अधिसूचित हैं, जहां वाहन ले जाने के लिए विशेष परमिट की आवश्यकता होती है।
इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। वकीलों ने ओक ओवर से सचिवालय तक रोष रैली निकाली और सचिवालय परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए चक्का जाम की स्थिति भी बनी रही।
प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं का कहना था कि उनकी मांगों और समस्याओं को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। उन्होंने सरकार से इस मामले में जल्द समाधान निकालने की मांग की।
वीडियो बनाने पर भड़कीं SDM साहिबा!
स्थिति को देखते हुए सचिवालय और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान वकीलों और आम लोगों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। वहीं, प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने पहुंचीं एसडीएम ओशीन शर्मा का पत्रकारों के साथ भी विवाद हो गया। उन्होंने वीडियो रिकॉर्डिंग पर आपत्ति जताई, जिसके बाद वहां कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
सील्ड रोड और परमिट व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चा का विषय बन गया है।






