पंचायत और नगर निगम चुनावों में कांग्रेस को जनता ने नकारा, आज चुनाव हों तो सिमट जाएगी कांग्रेस: अनुराग ठाकुर
धर्मशाला। प्रदेश में नगर निगम और पंचायत चुनावों के नतीजों के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। चुनाव परिणामों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी बीच हमीरपुर से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि प्रदेश की जनता ने हालिया चुनावों में कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है।
कांगड़ा रेलवे स्टेशन पर मीडिया से बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि पंचायत और नगर निगम चुनावों के नतीजों ने साफ संकेत दे दिए हैं कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यशैली से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यदि वर्तमान परिस्थितियों में विधानसभा चुनाव कराए जाएं तो कांग्रेस कुछ गिनी-चुनी सीटों तक ही सीमित रह जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा भाजपा पर कायम है, क्योंकि भाजपा विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देकर कार्य करती है।
अनुराग ने कहा है कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कई मंत्रियों के गृह क्षेत्रों में भी भाजपा तथा भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन किया है, जो कांग्रेस सरकार के प्रति जनता की बढ़ती नाराजगी को दर्शाता है।
लोकतंत्र में पंचायतों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पंचायतें लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे मजबूत और बुनियादी कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा गांव, गरीब, किसान, मजदूर और आम नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी इसी सोच के साथ काम करती रहेगी।
सांसद ने कांग्रेस के लोकसभा और विधानसभा प्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे आम जनता की समस्याओं को उठाने के बजाय पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीब और आम आदमी की सच्ची हितैषी पार्टी है, जो हर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि हालिया चुनाव परिणामों ने प्रदेश की राजनीतिक दिशा को लेकर स्पष्ट संदेश दिया है और आने वाले समय में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी। वहीं चुनावी नतीजों के बाद प्रदेश में सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है, क्योंकि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही इन परिणामों को अपने-अपने पक्ष में बताने में जुटी हुई हैं।






