गटर में गैस पाइप डाल कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, महंगाई पर घेरी केंद्र सरकार
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गटर में गैस पाइप डालकर महंगाई और एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर अपना रोष जताया। इस दौरान जमकर नारेबाजी करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के चलते आम आदमी पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है और गरीब व मध्यम वर्ग का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।
यूथ कांग्रेस के मंडी प्रभारी एवं उपाध्यक्ष चंद्रमणी कुलेठी ने कहा कि रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ने से आम परिवारों का घर चलाना मुश्किल हो गया है और सरकार जनता की मूलभूत जरूरतों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘गटर गैस’ वाले पुराने बयान का जिक्र करते हुए इस प्रदर्शन को उसी संदर्भ में बताया और कहा कि जब गैस आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रही है, तब ऐसे बयान जनता की भावनाओं के साथ मजाक हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कमजोर नीतियां अपनाने और गलत आर्थिक फैसलों के चलते महंगाई बढ़ने का भी आरोप लगाया। साथ ही किसानों के मुद्दों को उठाते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र भी प्रभावित हो रहा है, जिससे किसानों की आय पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई और जनसमस्याओं पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए, जिन्होंने सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।












