छुट्टी के समय स्कूल पहुंचे संदिग्ध, तीसरी कक्षा की छात्रा को साथ ले जाने की कर रहे थे कोशिश
शिमला : निजी स्कूल से छात्रा को ले जाने पहुंचे तीन संदिग्ध, स्कूल प्रशासन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, एफआईआर दर्ज
शिमला जिले के ठियोग उपमंडल के फागू स्थित एक निजी स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल की छुट्टी के दौरान दो पुरुष और एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में स्कूल परिसर में पहुंचे और तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा को अपने साथ ले जाने की बात कहने लगे। स्कूल प्रशासन की सतर्कता और समझदारी के चलते बच्ची को सुरक्षित रखा गया और किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते टाल दिया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजकर 50 मिनट पर स्कूल में छुट्टी का समय चल रहा था। बच्चे अपने अभिभावकों के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन लोग स्कूल परिसर में पहुंचे और एक छात्रा को अपने साथ भेजने की मांग करने लगे। स्कूल स्टाफ को उनके व्यवहार और गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उनसे बच्ची के संबंध में पूछताछ की गई।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान तीनों व्यक्ति बच्ची से अपने संबंध को लेकर संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए। स्कूल प्रशासन ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए छात्रा को उनके साथ भेजने से साफ इनकार कर दिया और बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में रखा। साथ ही बिना समय गंवाए पूरे मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई।
इस संबंध में स्कूल की वाइस प्रिंसिपल सुनीता शर्मा ने ठियोग थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 137(2), 62 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं स्कूल प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि बच्चों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है और बिना उचित पहचान व सत्यापन के किसी भी बाहरी व्यक्ति को बच्चों के संपर्क में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्ध लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






