चुनाव हाईजैक करने की कोशिश कर रही सुक्खू सरकार : राजीव बिंदल
शिमला: हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों को लेकर सियासी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कांग्रेस की सुक्खू सरकार पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था से छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों में भाजपा को मिली बढ़त के बाद कांग्रेस सरकार पूरी तरह बौखला गई है और अब नियमों में बदलाव कर जनादेश को अपने पक्ष में मोड़ने की कोशिश कर रही है।
शुक्रवार को जारी बयान में डॉ. बिंदल ने कहा कि चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव से ठीक पहले नए नियम और नोटिफिकेशन लाने की तैयारी की जा रही है, जो लोकतंत्र और संविधान की भावना के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद नियम बदलना सीधे तौर पर जनता के अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था पर हमला है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता बचाने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाया जा रहा है, उन्हें डराने की कोशिश हो रही है और धनबल के जरिए माहौल प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। बिंदल ने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश की लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए बेहद खतरनाक संकेत हैं।
उन्होंने कहा कि जनता ने नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस सरकार को स्पष्ट संदेश दे दिया है और भाजपा को मिल रहे समर्थन से सरकार घबराई हुई है। इसी घबराहट में अब चुनावी नियमों में बदलाव कर परिणामों को प्रभावित करने की रणनीति बनाई जा रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि लोकतंत्र जनता के विश्वास से चलता है, न कि दबाव और सत्ता के दुरुपयोग से। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सरकार की नीतियों और कामकाज से निराश है और अब बदलाव का मन बना चुकी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया से छेड़छाड़ करने या जनादेश को कमजोर करने की कोशिश की गई तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सड़कों से लेकर विधानसभा तक लोकतंत्र की रक्षा के लिए बड़ा आंदोलन करेगी और जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा।






