शिमला में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी, कूड़े के ढेर से बढ़ी परेशानी
शिमला। राजधानी शिमला में सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को चौथे दिन भी जारी रही। हड़ताल के चलते शहर के कई इलाकों में कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे लोगों को बदबू और गंदगी की समस्या झेलनी पड़ रही है। मॉल रोड, रिज, संजौली, लोअर बाजार और छोटा शिमला समेत कई क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है।
सैहब सोसाइटी से जुड़े करीब 800 सफाई कर्मचारी 10 प्रतिशत वार्षिक वेतन बढ़ोतरी बहाल करने की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच 12 हजार रुपये वेतन में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।
वहीं नगर निगम प्रशासन सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक इंतजाम और आउटसोर्सिंग की तैयारी कर रहा है, जिसका कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। प्रशासन ने हड़ताली कर्मचारियों पर एस्मा भी लगाया है, लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।






